जादूगर कहाँ है!
जादूगर कहाँ है!
इस वक्त
जब उसकी सबसे आधिक जरूरत है
क्यों उसने दिखाने बंद कर रखे है अपने करतब!
तमाम धर्मों के ठेकेदारों
अब कहाँ हो तुम!
कहो अपने ईश्वरों से
उसकी जरूरत है अब इंसानों को सर्वाधिक!
पूछो-
क्या वो यही चाहता है
कि न बचे एक भी सर
उसके दर पर झुककर
उसकी इबादत करने को!
राजाओं को लिखों ख़त
पूछो-
किस काम की हैं उनकी
ऑक्सिजन के डिब्बे माफ़िक़ दिखने वाली मिसाइलें!
क्या नहीं आ सकती किसी काम में
उनकी अत्याधुनिक बंदूकें
पूछो-
किस लिए हैं तैनात
हमारी जान की रक्षा में
उनकी तोपें!
कब तक देखते रहोगे
मौत का तमाशा
कब तक
इन हत्याओं पर मौन रहोगे!
विधान
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें